खाद्य सुरक्षा टीम सक्रिय,कई प्रतिष्ठानों के खाद्य सामग्री की जाँच

6
0
SHARE

संवाददाता।हजारीबाग़।आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त, हजारीबाग हेमंत सती एवं संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रह का अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार सोमवार को खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा सदर अंचल अंतर्गत विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रह किए गए। इस दौरान फ्रंटियर के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से बेसन लड्डू एवं पेड़ा तथा सक्षम स्वीट्स के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से रसगुल्ला एवं कलाकंद का नमूना संग्रह किया गया। वहीं, विकास स्टोर (गुड्डी स्टोर), गोला रोड से गोपी श्री घी तथा अंकित जैन स्टोर से कृष्णा सरसों तेल का नमूना लिया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, अमरीश पांडे, नवेद अंजुम, श्वेता त्रिपाठी तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय से सूरज कुमार, विकास शर्मा एवं धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि पर्व-त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखें। खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट अथवा अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

LEAVE A REPLY