गंडक का बढ़ता जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

15
0
SHARE

संवाददाता।छपरा।नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मंगलवार को सारण तटबंध का संयुक्त निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति का जायजा लेते हुएसंबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने करीब 80 किलोमीटर लंबे सारण तटबंध के किलोमीटर 40 से 80 के बीच मकेर, अमनौर और तरैया प्रखंड क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान संवेदनशील स्थलों, संभावित रिसाव और तटबंध की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तटबंध की लगातार निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया। किसी भी स्थान पर कटाव, कमजोरी या रिसाव मिलने पर तत्काल मरम्मत कराने को कहा।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में जियोबैग, बालू, बोरा और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के सुरक्षित निष्क्रमण के लिए पर्याप्त नावों की व्यवस्था करने को कहा गया। नावों पर जिला प्रशासन से संबंधित स्पष्ट बैनर लगाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

डीएम ने संवेदनशील गांवों को चिन्हित कर आबादी के सुरक्षित निष्क्रमण की कार्ययोजना तैयार करने तथा मवेशियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्था रखने को कहा।प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई, पेयजल, प्रकाश और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। तटबंध क्षेत्र में गृह रक्षकों की नियमित पेट्रोलिंग पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान हैजलपुर के समीप तटबंध के नीचे पानी के रिसाव की सूचना मिली। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल ने तत्काल कार्रवाई कर रिसाव को नियंत्रित कर दिया। मौके पर मरम्मती कार्य जारी है। डीएम ने स्थल पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

LEAVE A REPLY