संवाददाता।पटना। पत्रकार व लेखक जितेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा लिखित “शिव तत्व” का विमोचन किया गया।
भारतीय सनातन परंपरा में भगवान शिव केवल एक देवता नहीं हैं, बल्कि चेतना, वैराग्य, सृजन और संहार के संतुलन का प्रतीक हैं। इसी गूढ़ और विराट शिव दर्शन को सरल, बोधगम्य और समकालीन संदर्भों में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है लेखक जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने अपनी पहली पुस्तक “शिव तत्व” के माध्यम से।
यह पुस्तक न केवल धार्मिक आस्था को पुष्ट करती है, बल्कि पाठकों को आत्मचिंतन और आध्यात्मिक यात्रा के लिए भी प्रेरित करती है।
जितेन्द्र कुमार सिन्हा की पुस्तक “शिव तत्व” का लोकार्पण पटना के दो अलग-अलग प्रतिष्ठित स्थानों पर संपन्न हुआ। पहला लोकार्पण चित्रगुप्तनगर स्थित होटल ऑरेंज इन में आयोजित किया गया, जबकि दूसरा लोकार्पण आशियाना दीघा रोड स्थित विशाल आदित्य अपार्टमेंट में हुआ। दोनों ही आयोजनों में साहित्य, धर्म और समाज से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
होटल ऑरेंज इन में आयोजित कार्यक्रम में गुरुदेव ठाकुर अरुण कुमार सिंह ने पुस्तक का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव की महिमा, उनके तत्वज्ञान और भारतीय जीवन दर्शन में शिव की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने ने कहा कि शिव तत्व को समझना स्वयं को समझने के समान है। उन्होंने लेखक जितेन्द्र कुमार सिन्हा को उनकी पहली पुस्तक के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह कृति आध्यात्मिक जिज्ञासुओं के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक सिद्ध होगी।
दूसरा लोकार्पण महालेखाकार बिहार से सेवा निवृत्त शशिभूषण प्रसाद द्वारा विशाल आदित्य अपार्टमेंट में किया गया। उन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि “शिव तत्व” में भगवान शिव, रुद्राक्ष और ज्योतिर्लिंग, तीनों का एक साथ समावेश पुस्तक को विशिष्ट बनाता है। उन्होंने इसे शोधपरक होने के साथ-साथ आम पाठक के लिए भी सहज और पठनीय बताया तथा लेखक को उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुमार रंजन ने धर्म आधारित विचारों के संदर्भ में पुस्तक की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और लेखक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। होटल चित्रगुप्तनगर इन में आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात एंकर शैलेश कुमार, जदयू महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष उषा सिन्हा, संजय कुमार, रविन्द्र कुमार रंजन एवं बिरेंद्र कुमार रंजन सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
वहीं विशाल आदित्य अपार्टमेंट में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में अमित सिन्हा, धर्मेश कुमार, पंकज कुमार, धीरज कुमार और प्रशांत कुमार सिन्हा की सहभागिता रही, जिन्होंने लेखक को बधाई देते हुए पुस्तक को समाज के लिए उपयोगी बताया।
“शिव तत्व” पुस्तक में शिव दर्शन को केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उसे जीवन मूल्यों, आत्मशुद्धि और चेतना के विस्तार से जोड़ा गया है। रुद्राक्ष की महत्ता, ज्योतिर्लिंगों का आध्यात्मिक महत्त्व और शिव के विभिन्न रूपों का विवेचन पुस्तक को गहराई प्रदान करता है। यह कृति पाठकों को शिव के बाह्य स्वरूप से आगे बढ़कर उनके आंतरिक तत्व को समझने का अवसर देती है।
जितेन्द्र कुमार सिन्हा की पहली पुस्तक “शिव तत्व” का लोकार्पण न केवल एक साहित्यिक उपलब्धि है, बल्कि यह आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की दिशा में भी एक महत्त्वपूर्ण कदम है। विद्वानों, पत्रकारों और समाज के विभिन्न वर्गों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद ने यह संकेत दे दिया है कि यह पुस्तक पाठकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगी। “शिव तत्व” निश्चित रूप से शिव भक्ति, दर्शन और आत्मबोध की राह पर अग्रसर पाठकों के लिए एक प्रेरक ग्रंथ सिद्ध होगी।
















